
भारतीय वायुसेना (IAF) की ताकत आने वाले वर्षों में और बढ़ने वाली है. अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस (Adani Defence & Aerospace) और रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) ने देश के नेक्स्ट-जेनरेशन के एयरबोर्न अर्ली वार्निंग एंड कंट्रोल (AEW&C-MKII) प्रोग्राम के लिए बड़ा समझौता किया है. इस परियोजना के तहत छह मॉडिफाइड Airbus A321 विमान तैयार किए जाएंगे, जो दुश्मन की हर हरकत पर लंबी दूरी से नजर रखने और वायुसेना को रियल-टाइम जानकारी देने में मदद करेंगे.
इस समझौते के तहत अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस और DRDO मिलकर भारतीय वायुसेना के लिए AEW&C-MKII मिशन सिस्टम का डेवलपमेंट, मैन्युफैक्चरिंग और इंटीग्रेशन करेंगे. इन सिस्टम्स को छह मॉडिफाइड Airbus A321 विमानों पर लगाया जाएगा. इसके साथ ही लॉजिस्टिक्स, मेंटेनेंस, रिपेयर, ओवरहॉल (MRO) और करीब 30 साल तक तकनीकी सहायता की भी जिम्मेदारी इसी कार्यक्रम का हिस्सा होगी.
इस एडवांस एयरबोर्न सर्विलांस सिस्टम को भारतीय वायुसेना में वर्ष 2032-33 तक शामिल करने की योजना है. इसके बाद वायुसेना की निगरानी और ऑपरेशनल क्षमता पहले से कहीं ज्यादा मजबूत हो जाएगी.
AEW&C विमान को अक्सर 'आसमान की आंख' कहा जाता है. ये विमान लंबी दूरी तक निगरानी करने, संभावित खतरे का पहले से पता लगाने और रियल-टाइम कमांड एंड कंट्रोल की सुविधा देते हैं. इससे वायुसेना को तेजी से फैसले लेने, बेहतर तालमेल बनाने और युद्ध के दौरान प्रभावी तरीके से ऑपरेशन चलाने में मदद मिलती है.
यह कार्यक्रम अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस के लिए भी बड़ा माइलस्टोन माना जा रहा है. कंपनी देश की पहली प्राइवेट भारतीय कंपनी बन गई है, जिसे इस लेवल के एयरबोर्न मिशन प्लेटफॉर्म के विकास, इंटीग्रेशन और पूरे लाइफसाइकिल सपोर्ट की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
इस परियोजना में DRDO अपने रक्षा अनुसंधान और मिशन सिस्टम की एक्सपर्टीज लाएगा, जबकि अदाणी डिफेंस एडवांस मैन्युफैक्चरिंग, सिस्टम इंटीग्रेशन और लंबे समय तक सपोर्ट की जिम्मेदारी संभालेगा. दोनों की साझेदारी से भारत का सबसे एडवांस स्वदेशी एयरबोर्न सर्विलांस प्लेटफॉर्म तैयार करने का लक्ष्य है.
फिलहाल अमेरिका, फ्रांस, इजरायल, चीन और स्वीडन जैसे केवल पांच देशों ने स्वदेशी AEW&C क्षमता विकसित की है. AEW&C-MKII कार्यक्रम के पूरा होने के बाद भारत भी इस चुनिंदा समूह में मजबूती से अपनी जगह बनाएगा.
AEW&C-MKII को भारतीय वायुसेना के Integrated Air Command & Control System (IACCS) से जोड़ा जाएगा. यह देशभर का कमांड एंड कंट्रोल नेटवर्क है, जो निगरानी, एयर डिफेंस और ऑपरेशनल सिस्टम को रियल-टाइम में जोड़ता है. इससे खतरे की पहचान, तेज निर्णय और बेहतर तालमेल के जरिए देश की हवाई सुरक्षा और मजबूत होगी.
(Disclaimer: New Delhi Television is a subsidiary of AMG Media Networks Limited, an Adani Group Company.)
क्रूज मिसाइलों और ड्रोन्स को मिलेगी 'स्वदेशी' उड़ान, भारत को मिला अपना टर्बोजेट इंजन, सिर्फ 24 महीने में बना
भारत का स्वदेशी S-400 तैयार! DRDO ने किया ‘कुशा’ मिसाइल का सफल टेस्ट, 400 KM दूर तक दुश्मन होगा ढेर
350 साल बाद लौटी शिवाजी महाराज की रणनीति! कहानी INS मालवन की, जो समंदर में दुश्मन को करेगा तबाह
