• Home/
  • क्रिएटर्स मंच के विषय में

Creators मंच के विषय में

Creators मंच के विषय में

क्रिएटर्स मंच सीज़न 1 की सफलता के बाद NDTV प्रस्तुत करते हैं क्रिएटर्स मंच सीज़न 2

 

यह एक ऐसा रचनात्मक और बौद्धिक मंच बनकर उभर रहा है, जहाँ साहित्य, सिनेमा, विचार और अभिव्यक्ति, सब एक ही जगह संवाद रचेंगे। इस बार मंच पर देश के नामचीन हिंदी लेखक, जानी-मानी फिल्मी हस्तियां और विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिष्ठित बुद्धिजीवी एकत्रित होंगे। उद्देश्य सिर्फ बातचीत करना नहीं, बल्कि ऐसी चर्चाएँ और प्रस्तुतियाँ तैयार करना है, जो आज की समाजिक-सांस्कृतिक नब्ज़ को पकड़ते हुए नए विचारों को जन्म दें।

 

इस मंच की सबसे खास बात यह है कि यहाँ विषयों की कोई सीमा नहीं होगी। स्त्रीवाद से लेकर किताबों के बदलते परिदृश्य, पब्लिशिंग इंडस्ट्री का भविष्य, सोशल मीडिया के दौर में साहित्य की प्रासंगिकता, और लेखन की जटिल लेकिन रोमांचक प्रक्रिया - हर पहलू पर गहराई से बात की जाएगी। यह सीज़न खासतौर पर उन मुद्दों को सामने लाएगा जिन्हें अक्सर मुख्यधारा की चर्चाएं नजरअंदाज़ कर देती हैं, जैसे - स्त्री की आवाज़ आज भी हाशिए पर क्यों है, साहित्य में हाशिए का प्रस्तुतीकरण किस तरह किया जाता है, और क्रिएटर की बदलती भूमिका आदि।

 

क्रिएटर्स मंच सीज़न 2 में कुछ विशेष प्रस्तुतियाँ भी होंगी, जो आज की युवा पीढ़ी के अनुभवों, आकांक्षाओं, संघर्षों और जज्बातों का प्रतिनिधित्व करेंगी। ये प्रस्तुतियाँ न केवल संवाद को विविधता देंगी, बल्कि यह भी दिखाएंगी कि नई पीढ़ी किस तरह भाषा, कला और विचार के माध्यम से अपने समय को अभिव्यक्त कर रही है। उनके दृष्टिकोण से यह समझने का मौका मिलेगा कि डिजिटल युग में क्रिएटिविटी कैसे नए रास्ते खोल रही है और अभिव्यक्ति की सीमाओं को लगातार विस्तृत कर रही है।

 

इस मंच का उद्देश्य केवल विचार प्रस्तुत करना नहीं है, बल्कि विभिन्न पीढ़ियों के बीच एक सार्थक संवाद स्थापित करना भी है। वरिष्ठ लेखक जब अपने अनुभव साझा करेंगे, तो युवा क्रिएटर्स उनसे सीखेंगे, वहीं नई पीढ़ी के सवाल और ऊर्जा से परंपरागत सोच को नई दिशा मिलेगी। इस तरह क्रिएटर्स मंच एक ऐसा पुल बनेगा जो बीते समय की बुद्धिमत्ता और वर्तमान की जिजीविषा को जोड़ता है।
इसके साथ ही, किताबों की दुनिया को भी केंद्र में रखा जाएगा। किताबें कैसे लिखी जाती हैं, कैसे बाज़ार तक पहुँचती हैं, उनकी बिक्री को क्या प्रभावित करता है, और साहित्य में नए प्रयोग क्या हैं - इन सभी पर खुलकर चर्चा होगी।

 

क्रिएटर्स मंच सीज़न 2 एक ऐसा आयोजन है जहाँ विचारों का उत्सव, रचनात्मकता का संवाद, और नई पीढ़ी का प्रतिनिधित्व - तीनों एक साथ मिलकर एक समृद्ध सांस्कृतिक अनुभव रचेंगे। यह मंच न केवल साहित्य और कला प्रेमियों के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि उन सभी के लिए भी है जो समाज की बदलती संवेदनाओं और क्रिएटिव दुनिया की नई दिशाओं को समझना चाहते हैं।