NEET Result Controversy : केरल के वडक्कनचेरी की एक स्टूडेंट ने नीट यूजी -2024 जांच की मांग की है. इसको लेकर छात्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ईमेल भी किया है. ईमेल में अंजलि ने लिखा है कि NEET-UG 2024 परीक्षा में कथित गड़बड़ियों की स्वतंत्र जांच हो. साथ ही, उन्होंने यह भी कहा है कि अगर परीक्षा में गड़बड़ियां साबित होती हैं, तो उन छात्रों को मुआवजा और फीस में छूट मिले जो इस विवाद के कारण आर्थिक रूप से प्रभावित हुए हैं. बता दें प्रधानमंत्री मोदी के अलावा, अंजलि ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को भी अपनी मांगों को लेकर ईमेल किया है.
छात्रा अंजलि एस ने एएनआई को बताया कि उन्होंने 2020 से 2024 तक लगातार पांच साल NEET परीक्षा दी. उन्होंने दावा किया कि 2022 और 2023 में सेल्फ-फाइनेंसिंग मेडिकल कॉलेजों में एडमिशन का मौका मिला था, लेकिन उन्होंने उसे नहीं चुना क्योंकि उन्हें सरकारी मेडिकल कॉलेज में सीट मिलने की उम्मीद थी.
उन्होंने आगे बताया कि NEET-UG 2024 में उनके 640 नंबर आए थे, लेकिन सुधार के बाद 635 कर दिया गया. लेकिन 2024 में हाई कट-ऑफ के कारण उन्हें सीट नहीं मिल सकी.
अंजलि ने पिछले साल और 2024 के अंकों और रैंक पैटर्न की तुलना करते हुए डिटेल भी सौंपा है. उनका तर्क है कि रैंकिंग पैटर्न में काफी अंतर है जिसकी जांच की जानी चाहिए.
बता दें अंजलि अभी एक सेल्फ-फाइनेंसिंग कॉलेज में मेडिकल की पढ़ाई कर रही हैं, जहां उन्हें हर साल लगभग 10 लाख रुपये खर्च करने पड़ते हैं. अंजलि के अनुसार, उनके माता-पिता उनकी पढ़ाई का खर्च उठाने के लिए लोन ले रहे हैं और दूसरों से पैसे उधार ले रहे हैं. अपने माता-पिता को आर्थिक मुश्किलों का सामना करते देख उन्होंने इसके समाधान के लिए यह मांग उठाई है.
यह भी पढ़ें- नीट पेपर लीक के बदले गिफ्ट में घड़ी! केमिस्ट्री एक्सपर्ट कुलकर्णी ने किया खेल; CBI के बड़े खुलासे
© Copyright NDTV Convergence Limited 2026. All rights reserved.