Fighting Our Killer Air - A Citizens' Charter
  • Home/
  • दिल्ली में लगाए जाएंगे 13 नए AQI मॉनिटरिंग स्टेशन, जानें क्या होते हैं ये, आपके इलाके में लगेंगे या नहीं

दिल्ली में लगाए जाएंगे 13 नए AQI मॉनिटरिंग स्टेशन, जानें क्या होते हैं ये, आपके इलाके में लगेंगे या नहीं

दिल्ली में लगाए जाएंगे 13 नए AQI मॉनिटरिंग स्टेशन, जानें क्या होते हैं ये, आपके इलाके में लगेंगे या नहीं
दिल्ली की हवा पर अब होगी 24x7 नजर (P.C- AI)

Delhi News: दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए सरकार बड़ा कदम उठाने जा रही है. राजधानी में जल्द ही 13 नए कंटीन्यूअस एम्बिएंट एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशन (CAAQMS) लगाए जाएंगे. इन स्टेशनों की मदद से लोगों को अपने इलाके की हवा की सही और रियल टाइम जानकारी मिल सकेगी. सरकार ने इन स्टेशनों के लिए जगहें तय कर दी हैं और उम्मीद है कि नवंबर 2026 तक ये काम शुरू हो जाएगा. अभी दिल्ली में 47 एयर मॉनिटरिंग स्टेशन काम कर रहे हैं. नए स्टेशन जुड़ने के बाद इनकी कुल संख्या 60 हो जाएगी. इससे दिल्ली के ज्यादा इलाकों की हवा की निगरानी हो सकेगी, खासकर उन जगहों की जहां अभी एयर क्वालिटी की जानकारी कम मिलती है.

क्या होते हैं AQI मॉनिटरिंग स्टेशन?

AQI यानी Air Quality Index हवा की गुणवत्ता बताने वाला पैमाना होता है. इसके जरिए पता चलता है कि हवा साफ है या प्रदूषित. CAAQMS यानी Continuous Ambient Air Quality Monitoring Station ऐसे स्टेशन होते हैं जो हवा में मौजूद प्रदूषण को लगातार मापते रहते हैं. ये PM2.5, PM10, कार्बन मोनोऑक्साइड, नाइट्रोजन डाइऑक्साइड और ओजोन जैसी खतरनाक गैसों और कणों की मात्रा रिकॉर्ड करते हैं.

इन स्टेशनों से मिलने वाले डेटा से लोगों को पता चलता है कि उनके इलाके की हवा कितनी खराब है. अगर AQI ज्यादा खराब हो तो लोग मास्क पहन सकते हैं, बाहर कम निकल सकते हैं और जरूरी सावधानी बरत सकते हैं. सरकार भी इसी डेटा के आधार पर प्रदूषण कम करने के कदम उठाती है.

किन इलाकों में लगेंगे नए स्टेशन?

दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (DPCC) की तरफ से 10 स्टेशन लगाए जाएंगे. ये इलाके हैं-

  • विकासपुरी
  • नरेला
  • बुराड़ी
  • शास्त्री पार्क
  • बदरपुर
  • छावला
  • घोघा
  • रोहिणी सेक्टर-33/कराला गांव
  • मैदानगढ़ी
  • वसुंधरा एन्क्लेव

इसके अलावा IITM पुणे की तरफ से 3 स्टेशन लगाए जाएंगे. इनके लिए ये जगहें चुनी गई हैं-

  • झटीकरा या घुम्मनहेड़ा (नजफगढ़)
  • मुंगेशपुर
  • टिकरी

सरकार ने झरोदा कलां और नांगलोई को बैकअप लोकेशन के तौर पर भी रखा है.

नवंबर तक शुरू हो सकता है काम

DPCC ने इन स्टेशनों के लिए टेंडर जारी कर दिया है. अधिकारियों के मुताबिक, जल्द ही कंपनी को काम दिया जाएगा और नवंबर तक नए स्टेशन चालू हो सकते हैं. ज्यादा मॉनिटरिंग स्टेशन लगने से दिल्ली के हर इलाके की हवा की सही जानकारी मिलेगी और नए प्रदूषण वाले हॉटस्पॉट की पहचान करने में मदद मिलेगी. 

यह भी पढ़ें- UPPCL ने बताया AC चलाने का स्मार्ट मंत्र, ठंडक भी और बचत भी, बिजली बचाने का स्मार्ट तरीका

Share this story on

Latest Stories

................................ Advertisement ................................

Latest Videos

Opinion