दिवाली के बाद दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण को लेकर जारी बहस के बीच इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ ट्रॉपिकल मेटेरोलॉजी (IITM) की एक रिपोर्ट ने बड़ा खुलासा किया है. संस्थान के मुताबिक दिवाली के अगले दिन राष्ट्रीय राजधानी में प्रदूषण बढ़ने के पीछे सबसे बड़ा कारण पटाखों से निकला धुआं था. रिपोर्ट में दावा किया गया कि 9 नवंबर की सुबह दिल्ली में पीएम 2.5 प्रदूषण में पटाखों की हिस्सेदारी 71 प्रतिशत से अधिक रही, जबकि सोमवार को कुल प्रदूषण भार में उनका योगदान 80 प्रतिशत से ज्यादा आंका गया. हालांकि इस निष्कर्ष पर कुछ संगठनों ने सवाल भी उठाए हैं.
इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ ट्रॉपिकल मेटेरोलॉजी द्वारा किए गए विश्लेषण के अनुसार दिवाली के बाद दिल्ली की वायु गुणवत्ता में आई भारी गिरावट के लिए पटाखों का धुआं मुख्य रूप से जिम्मेदार रहा. रिपोर्ट के मुताबिक, 9 नवंबर को रात 1 बजे से सुबह 9 बजे के बीच पीएम 2.5 प्रदूषण में पटाखों की हिस्सेदारी 71.1 प्रतिशत दर्ज की गई. वहीं सोमवार को राजधानी के कुल प्रदूषण भार में इनका योगदान 80 प्रतिशत से अधिक आंका गया.
ऐसे आया PM 2.0 प्रदूषण में उछाल
Photo Credit: ews.tropmet.res.in
स्टडी में यह भी सामने आया कि दिवाली के आसपास प्रदूषण के स्रोतों में अचानक बड़ा बदलाव देखा गया. 7 नवंबर को जहां पीएम 2.5 में पटाखों की हिस्सेदारी केवल 5.6 प्रतिशत थी, वहीं 8 नवंबर की समान अवधि में यह बढ़कर 43.4 प्रतिशत हो गई. 5 नवंबर को यह 5.6 प्रतिशत और 6 नवंबर को 9.3 प्रतिशत दर्ज की गई थी.
दिवाली के बाद प्रदूषण का असर वास्तविक मॉनिटरिंग आंकड़ों में भी दिखाई दिया. रिपोर्ट के अनुसार 9 नवंबर तड़के दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में पीएम 2.5 का स्तर 4,985 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर तक पहुंच गया था. वहीं नेहरू नगर में यह स्तर 2,808 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया. बाद में दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (DPCC) ने कुछ आंकड़ों को संशोधित करते हुए जहांगीरपुरी का स्तर 776 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर बताया.
IITM के विश्लेषण में यह भी सामने आया कि 9 नवंबर की मूल्यांकन अवधि के दौरान वाहन उत्सर्जन की हिस्सेदारी केवल 6.9 प्रतिशत रही. इसके अलावा सेकेंडरी इनऑर्गेनिक एरोसोल का योगदान 5 प्रतिशत और सेकेंडरी ऑर्गेनिक एरोसोल का योगदान 4.5 प्रतिशत दर्ज किया गया. इससे संकेत मिलता है कि दिवाली के बाद प्रदूषण में अचानक आई वृद्धि का मुख्य कारण पटाखों से निकलने वाला धुआं था.
बुधवार सुबह दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 308 दर्ज किया गया, जो "बहुत खराब" श्रेणी में आता है. मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में हवा की गति बढ़ने की संभावना है, जिससे प्रदूषक तत्वों के फैलाव में मदद मिलेगी और वायु गुणवत्ता में सुधार हो सकता है. दिवाली के दिन यानी 8 नवंबर को दिल्ली का औसत AQI 376 था. बाद में यह 10 नवंबर की शाम चार बजे तक घटकर 299 पहुंच गया था, हालांकि शाम होते-होते फिर 302 दर्ज किया गया.
एक्सपर्ट्स के मुताबिक प्रदूषण कितने समय तक वातावरण में बना रहेगा, यह काफी हद तक मौसम की परिस्थितियों पर निर्भर करता है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) हवा की दिशा, गति, तापमान और आर्द्रता जैसे कारकों की निगरानी करता है. दिवाली के बाद अनुकूल हवाओं ने कुछ राहत जरूर दी, लेकिन वातावरण में जमा प्रदूषक तत्व तुरंत खत्म नहीं हुए.
चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) के चेयरमैन बृजेश गोयल ने IITM के निष्कर्षों पर सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि पटाखों को प्रदूषण के लिए पूरी तरह जिम्मेदार ठहराना ठीक नहीं है. उन्होंने कहा कि पटाखों से धुआं जरूर निकलता है, लेकिन उसका असर अस्थायी होता है. उनके अनुसार अक्टूबर से जनवरी के बीच पराली जलाने समेत कई अन्य कारणों से भी प्रदूषण का स्तर बढ़ा रहता है. गोयल ने यह सवाल भी उठाया कि जब 5, 6 और 7 नवंबर को AQI 350 से 400 के बीच था, तब पटाखे नहीं फोड़े गए थे, इसलिए अन्य स्रोतों की भी गंभीरता से जांच होनी चाहिए.
पल्मोनोलॉजिस्ट डॉ. अरविंद कुमार ने कहा कि प्रदूषण का असर केवल फेफड़ों तक सीमित नहीं है. लगातार खराब AQI के कारण हार्ट अटैक, स्ट्रोक और हाई ब्लड प्रेशर जैसी हृदय संबंधी आपात स्थितियों का खतरा भी बढ़ जाता है. उन्होंने कहा कि पहले वायु प्रदूषण को केवल फेफड़ों की समस्या माना जाता था, लेकिन अब पर्याप्त वैज्ञानिक प्रमाण मौजूद हैं जो बताते हैं कि इसका सीधा असर हृदय पर भी पड़ता है.
. उन्होंने 2025 के एक अध्ययन का हवाला देते हुए कहा कि दिल्ली में 41,436 अस्पताल भर्ती मामलों के विश्लेषण में 11,494 हृदय संबंधी आपात स्थितियां दर्ज की गईं और प्रदूषण वाले महीनों में इनमें उल्लेखनीय बढ़ोतरी देखी गई.
यह भी पढ़ें : 'प्रदूषण हो गया तो समाप्त भी हो जाएगा, अच्छा लगा, लोगों ने खूब आतिशबाजी की'...बोले सीएम योगी
दिल्ली-नोएडा में प्रदूषण का पहरा, GRAP-3 के बीच 5वीं तक के बच्चों के लिए हाइब्रिड मोड में पढ़ाई
Edited by: चंदन सिंह राजपूतदिल्ली की हवा पहले से ज्यादा जहरीली, CSE रिपोर्ट में खुलासा, 2026 में प्रदूषण ने तोड़े पिछले सालों के रिकॉर्ड
Reported by: हिमांशु शेखर मिश्रा, Edited by: अनुभव शाक्यनोएडा और ग्रेटर नोएडा के कक्षा 5 तक के स्कूलों में हाइब्रिड पढ़ाई शुरू, माता-पिता को मिला ऑनलाइन का ऑप्शन
Written by: सुभाषिनी त्रिपाठी© Copyright NDTV Convergence Limited 2026. All rights reserved.