अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने उन खबरों को खारिज कर दिया है जिनमें दावा किया जा रहा था कि वह ट्रंप प्रशासन छोड़ने और 2028 के राष्ट्रपति चुनाव की तैयारी पर विचार कर रहे हैं. अमेरिकी मिडटर्म चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी को झटका लगने के बाद उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं. हालांकि रुबियो ने साफ कहा कि ट्रंप प्रशासन में बने रहना ही उनकी योजना है. उन्होंने यह भी कहा कि फिलहाल वह 2028 के चुनाव को लेकर कोई चर्चा नहीं करना चाहते.
अमेरिकी अखबार द न्यूयॉर्क टाइम्स को दिए एक साक्षात्कार में मार्को रुबियो ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कार्यकाल के अंत तक प्रशासन में काम करना 'हमेशा से उनकी योजना' रही है. उन्होंने उन रिपोर्टों को भी खारिज किया, जिनमें कहा गया था कि वह ट्रंप प्रशासन से बाहर निकलने पर विचार कर रहे हैं. रुबियो ने कहा, 'सच कहूं तो मुझे नहीं पता ऐसी बातें कहां से आती हैं.'
मार्को रुबियो को लंबे समय से 2028 के राष्ट्रपति चुनाव के संभावित रिपब्लिकन दावेदारों में गिना जाता है. हालांकि उन्होंने अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर सवालों का जवाब देने से इनकार कर दिया. उन्होंने कहा, 'मैं 2028 के बारे में अब बिल्कुल बात नहीं करूंगा.' रुबियो ने स्पष्ट किया कि फिलहाल उनका पूरा ध्यान वर्तमान जिम्मेदारियों पर है.
न्यूयॉर्क टाइम्स से बातचीत के दौरान रुबियो ने कहा कि उन्हें अपना काम पसंद है और प्रशासन छोड़ने की बातें उन्हें हैरान करती हैं. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, 'जब लोग कहते हैं कि वह अपना पद छोड़ने वाले हैं तो मैं पूछता हूं, कौन-सा पद?'
मार्को रुबियो ट्रंप प्रशासन में दो महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभा रहे हैं. वह अमेरिका के विदेश मंत्री होने के साथ-साथ राष्ट्रपति ट्रंप के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार भी हैं. रिपोर्टों के अनुसार, मिडटर्म चुनावों से ठीक पहले वह चुनाव प्रचार के दौरान ट्रंप के साथ मंच पर भी नजर आए थे. एक रैली में उन्होंने समर्थकों की भीड़ को संबोधित भी किया था. इसी वजह से उनके राजनीतिक भविष्य और संभावित राष्ट्रपति पद की दावेदारी को लेकर अटकलें तेज हो गई थीं.
इससे पहले ब्लूमबर्ग न्यूज ने एक रिपोर्ट में दावा किया था कि रुबियो ट्रंप प्रशासन छोड़ने के विकल्प पर विचार कर रहे हैं. रिपोर्ट में यह भी कहा गया था कि उन्होंने व्हाइट हाउस के अधिकारियों से पद छोड़ने की संभावना पर चर्चा की थी और उन्हें प्रशासन में बने रहने के लिए कहा गया था. हालांकि इन दावों का अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने जोरदार खंडन किया.
ग्लोबल पब्लिक अफेयर्स के सहायक विदेश मंत्री डिलन जॉनसन ने ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट को 'पूरी तरह मनगढ़ंत' बताया. उन्होंने द इंडिपेंडेंट की उस रिपोर्ट को भी खारिज कर दिया, जिसमें दावा किया गया था कि रुबियो 2028 में रिपब्लिकन पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद की दावेदारी शुरू करने की तैयारी कर रहे हैं. जॉनसन ने उस रिपोर्ट को 'पूरी तरह निराधार फेक न्यूज' करार दिया.
मार्को रुबियो पहले यह कह चुके हैं कि यदि उपराष्ट्रपति जेडी वेंस राष्ट्रपति पद की दौड़ में उतरते हैं तो वह उनका समर्थन करेंगे. जेडी वेंस को भी 2028 के संभावित रिपब्लिकन उम्मीदवारों में शामिल माना जाता है.
यह भी पढ़ें : रुबियो की बातें कहीं ईरान पर नये हमले जल्द होने का इशारा तो नहीं!
'48 घंटे में होर्मुज खुल जाएगा अगर यह शर्त मान ली', ट्रंप की चुनावी हार के बाद ईरान के तेवर बदले
Edited by: आशुतोष कुमार सिंहअगर मैं ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से नहीं रोकता, तो इजरायल का वजूद नहीं होता: डोनाल्ड ट्रंप
Edited by: मोहम्मद साक़िब मज़ीदट्रंप की चुनावी हार पर जेलेंस्की, मोजतबा और किम की बहन का आया रिएक्शन; बाकी देशों ने भी दिए बयान
Edited by: विजय शंकर पांडेय© Copyright NDTV Convergence Limited 2026. All rights reserved.