Fighting Our Killer Air - A Citizens' Charter
  • Home/
  • मैं तो हैरान हूं, हम अभी तक हैं जिंदा... बढ़ते प्रदूषण को लेकर AIIMS के डॉक्टर ने आखिर ऐसा क्यों कहा?

मैं तो हैरान हूं, हम अभी तक हैं जिंदा... बढ़ते प्रदूषण को लेकर AIIMS के डॉक्टर ने आखिर ऐसा क्यों कहा?

मैं तो हैरान हूं, हम अभी तक हैं जिंदा... बढ़ते प्रदूषण को लेकर AIIMS के डॉक्टर ने आखिर ऐसा क्यों कहा?
AIIMS Doctor on Pollution : एम्स के डॉक्टर ने प्रदूषण को लेकर हैरान करने वाली बात

दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर वायु प्रदूषण खतरनाक स्तर पर पहुंच चुका है. एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) कई इलाकों में गंभीर श्रेणी में दर्ज किया जा रहा है, जिससे लोगों को सांस लेने में दिक्कत, आंखों में जलन और गले में परेशानी जैसी समस्याएं हो रही हैं. दिवाली में सुप्रीम कोर्ट ने ग्रीन क्रैकर्स को सुरक्षित मानते हुए इसे जलाने का परमिशन दे दिया. हालांकि, इसके लिए एक तय समय सीमा रखी गई थी, लेकिन फिर भी हवा में दिवाली के बाद किसी भी तरह का सुधार नहीं देखा गया. दिवाली के बाद स्थिति और भी ज्यादा खराब हो गई. इसी बीच AIIMS के डॉक्टर ने ANI को दिए एक इंटरव्यू में कई चौंकाने वाली बातें कहीं, जो एक चर्चा का विषय बना हुआ है. इंटरव्यू में डॉक्टर ने कहा कि मौजूदा हालात देखकर उन्हें हैरानी होती है कि लोग अभी तक जिंदा हैं, क्योंकि जिस हवा में लोग सांस ले रहे हैं, वह इंसानों के रहने लायक नहीं है.

ग्रीन क्रैकर्स भी पूरी तरह सुरक्षित नहीं

ANI को दिए इंटरव्यू में डॉक्टर ने कहा कि हर साल दिवाली के बाद प्रदूषण को लेकर चर्चा होती है, लेकिन कुछ समय बाद लोग इसे भूल जाते हैं. उन्होंने कहा कि सुरक्षित माने जाने वाले ग्रीन क्रैकर्स भी प्रदूषण को पूरी तरह खत्म नहीं करते. ग्रीन क्रैकर्स से प्रदूषण में करीब 30 फीसदी तक कमी आ सकती है, लेकिन 70 फीसदी प्रदूषक तत्व और पार्टिकुलेट मैटर अब भी वातावरण में मौजूद रहते हैं. उनका कहना है कि ग्रीन" शब्द सुनकर लोग इसे पर्यावरण के लिए पूरी तरह सुरक्षित मान लेते हैं, जबकि वास्तविकता इससे अलग है.

'हम हर मिनट जहर अंदर ले रहे हैं'

डॉक्टर ने बेहद चिंता जताते हुए कहा कि दिल्ली की हवा में मौजूद प्रदूषक लगातार शरीर के भीतर जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति दिनभर में हजारों बार सांस लेता है और हर सांस के साथ प्रदूषित हवा फेफड़ों तक पहुंचती है. उन्होंने कहा कि मैं तो हैरान हूं कि हम अभी तक जिंदा हैं. ऐसी हवा मुझे नहीं लगती कि इंसानों के रहने लायक है.

आने वाले सालों में और दिख सकते हैं गंभीर असर

डॉक्टर का मानना है कि प्रदूषण का असर सिर्फ आज नहीं बल्कि आने वाले वर्षों में और ज्यादा दिखाई देगा. लंबे समय तक जहरीली हवा में रहने से शरीर के विभिन्न अंग प्रभावित हो सकते हैं और कई गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है.

डॉक्टर ने बताया कि सिर्फ मरीज ही नहीं, बल्कि उनके कई हेल्दी सहकर्मी भी लगातार गले में खराश और असहजता की शिकायत कर रहे हैं. कई लोग फोन कर बता रहे हैं कि गले में ऐसा महसूस होता है जैसे कुछ फंस गया हो. गरारे और अन्य उपाय करने के बावजूद आराम नहीं मिल रहा. ऐसे मरीज जो कुछ दिन पहले इलाज कराकर ठीक हुए थे, वे भी दोबारा अस्पताल पहुंच रहे हैं.

OPD से लेकर इमरजेंसी तक बढ़ रहे मरीज

एम्स के डॉक्टर का कहना है कि कुछ मरीजों की हालत इतनी खराब हो जाती है कि उन्हें स्टेरॉयड दवाएं देने की जरूरत पड़ती है. वहीं, जो लोग ओपीडी तक नहीं पहुंच पाते, उन्हें सीधे इमरजेंसी जाने की सलाह दी जाती है. उन्होंने कहा कि हर साल प्रदूषण के मौसम में ऐसी स्थिति देखने को मिलती है और उन्हें पूरा भरोसा है कि अस्पतालों की इमरजेंसी भी ऐसे मरीजों से भरी हुई होंगी.

बढ़ते प्रदूषण से खुद को कैसे बचाएं?

  • AQI गंभीर होने पर घर से बाहर निकलने से बचें.
  • बाहर जाना जरूरी हो तो N95 मास्क पहनें.
  • घर में एयर प्यूरीफायर का इस्तेमाल करें.
  • मॉर्निंग वॉक और आउटडोर एक्सरसाइज प्रदूषण वाले दिनों में टालें.
  • पर्याप्त पानी पीएं.
  • बच्चों, बुजुर्गों और फेफड़ों के मरीजों का विशेष ध्यान रखें.

ये भी पढ़ें - क्या पान खाने से मुंह का छाला दूर होता है? जानें इसके फायदे और सेवन का तरीका

Share this story on

Latest Stories

................................ Advertisement ................................

Latest Videos

Opinion