Fighting Our Killer Air - A Citizens' Charter
  • Home/
  • 'प्रदूषण हो गया तो समाप्त भी हो जाएगा, अच्छा लगा, लोगों ने खूब आतिशबाजी की'... बोले सीएम योगी

'प्रदूषण हो गया तो समाप्त भी हो जाएगा, अच्छा लगा, लोगों ने खूब आतिशबाजी की'... बोले सीएम योगी

दिवाली के पटाखों पर योगी आदित्यनाथ का बड़ा बयान, बोले- 'प्रदूषण हुआ है तो खत्म भी हो जाएगा'

Highlights

  1. दिवाली के बाद प्रदूषण बहस पर CM योगी का पलटवार
  2. योगी बोले- एक दिन पटाखे चलाने पर सबको प्रदूषण याद आता है
  3. अयोध्या दीपोत्सव का जिक्र कर योगी बोले- लोगों ने धूमधाम से त्योहार मनाया
लखनऊ: 

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिवाली के बाद वायु प्रदूषण को लेकर हो रही चर्चाओं के बीच पटाखों और आतिशबाजी का बचाव किया है. बुधवार को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि लोगों ने धूमधाम से दीपावली मनाई, यह अच्छी बात है और सरकार ने इस बार किसी प्रकार का प्रतिबंध नहीं लगाया. योगी ने कहा कि अगर प्रदूषण बढ़ा है तो समय के साथ कम भी हो जाएगा, लेकिन उन लोगों पर कोई सवाल नहीं उठाता जिन्होंने भ्रष्टाचार के जरिए पूरे सिस्टम को प्रदूषित किया है.

1,146 युवाओं को बांटे नियुक्ति पत्र

योगी आदित्यनाथ यह बयान एक नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में दे रहे थे. इस दौरान उन्होंने 1,146 नवनियुक्त जूनियर सहायकों को नियुक्ति पत्र सौंपे. इसके साथ ही मुख्यमंत्री किसान दुर्घटना कल्याण योजना के तहत 4,300 लाभार्थियों को 215 करोड़ रुपये की सहायता राशि भी वितरित की.

'प्रदूषण हुआ है तो खत्म भी हो जाएगा'

सीएम योगी ने कहा कि दिवाली के बाद कई लोग प्रदूषण की चर्चा कर रहे हैं, लेकिन त्योहारों के समय ही इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया जाता है. उन्होंने कहा, 'आप लोगों ने दीपावली मनाई और बहुत सारे लोग कह रहे हैं कि इससे प्रदूषण हो गया. अरे हमने कहा प्रदूषण हो गया, वह समाप्त भी हो जाएगा, काहे चिंता कर रहे हो.' उन्होंने आगे कहा कि एक दिन की आतिशबाजी को लेकर चिंता जताने वाले लोग उन लोगों पर सवाल नहीं उठाते जिन्होंने भ्रष्टाचार और गलत कार्यों के जरिए पूरे सिस्टम को प्रभावित किया.

अयोध्या के दीपोत्सव का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने दिवाली पर किसी प्रकार की बंदिश नहीं लगाई और लोगों को खुलकर त्योहार मनाने का अवसर दिया गया. उन्होंने कहा, 'अच्छा किया लोगों ने, बहुत धूमधाम और धड़ाके के साथ दीपावली मनाई, खूब आतिशबाजी की और हम लोगों ने कहा भाई कोई प्रतिबंध नहीं लगाएंगे. मैं भी अयोध्या में आतिशबाजी में था.' योगी ने कहा कि जब कोई पर्व और त्योहार मनाता है तो लोगों को प्रदूषण दिखाई देने लगता है, लेकिन समाज और व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने वाले कार्यों पर उतनी चर्चा नहीं होती.

पिछली सरकारों पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में 2017 से पहले की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि त्योहारों के समय प्रदेश में तनाव का माहौल रहता था. उन्होंने कहा कि पहले होली, दीपावली, विजयदशमी, जन्माष्टमी, शिवरात्रि, क्रिसमस, ईद, गुरु पर्व या मकर संक्रांति जैसे पर्वों से पहले दंगे होने की घटनाएं सामने आती थीं, लेकिन अब स्थिति बदल चुकी है और लोग शांतिपूर्वक त्योहार मना रहे हैं.

भर्ती प्रक्रिया को लेकर भी विपक्ष पर हमला

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश के प्रतिभाशाली युवाओं को अपनी क्षमता के अनुरूप अवसर नहीं मिलने के कारण राज्य छोड़कर दूसरे स्थानों पर जाना पड़ता था. उन्होंने आरोप लगाया कि भर्ती प्रक्रियाओं में भेदभाव और भ्रष्टाचार व्याप्त था. उनके अनुसार, एक संगठित तंत्र भर्ती व्यवस्था को नियंत्रित करता था और कई मामलों में परीक्षा कोई और देता था जबकि नौकरी किसी दूसरे को मिल जाती थी. मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी गड़बड़ियों के कारण युवाओं के साथ अन्याय होता था और प्रदेश की प्रगति भी प्रभावित होती थी.

यह भी पढ़ें : 'हमारी अयोध्या के ऊपर किसी मंथरा और किसी मारीच की कुदृष्टि न पड़े': CM योगी

Share this story on

Latest Stories

................................ Advertisement ................................

Latest Videos

Opinion