Fighting Our Killer Air - A Citizens' Charter
  • Home/
  • दिल्ली में AQI 500 तक ही क्यों दिखाया जाता है? सीपीसीबी ने बताई वजह

दिल्ली में AQI 500 तक ही क्यों दिखाया जाता है? सीपीसीबी ने बताई वजह

दिल्ली में AQI 500 तक ही क्यों दिखाया जाता है? सीपीसीबी ने बताई वजह
नई दिल्ली : 

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) ने अपनी वायु गुणवत्ता मापने की प्रक्रिया का बचाव किया है. सीपीसीबी ने मंगलवार को बताया कि दिवाली के बाद दिल्ली में निजी मॉनिटरिंग ऐप्स पर वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 1,800 तक दिखाया गया, जबकि सरकारी आंकड़ों में यह 500 से ऊपर नहीं गया.बोर्ड का कहना है कि ऐसा इसलिए है क्योंकि सरकारी एक्यूआई की अधिकतम सीमा 500 तय की गई है. सरकारी आंकड़ों और निजी एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग ऐप्स पर दिखाए जा रहे आंकड़ों में बड़े अंतर को लेकर सवाल उठ रहे थे. इसी के जवाब में सीपीसीबी ने यह जानकारी दी है. 

क्यों 500 तक ही दिखाया जाता है AQI

सीपीसीबी ने कहा है कि एक्यूआई को 500 तक सीमित रखना राष्ट्रीय वायु गुणवत्ता सूचकांक (एनएक्यूआई) का एक सोचा-समझा हिस्सा है. यह अंतरराष्ट्रीय मानकों के भी मुताबिक है. बोर्ड के मुताबिक, 500 से ज्यादा एक्यूआई होने पर भी लोगों को दी जाने वाली स्वास्थ्य संबंधी चेतावनी में कोई बदलाव नहीं होगा, क्योंकि इस स्तर पर प्रदूषण पहले से ही 'गंभीर' श्रेणी में आता है. बोर्ड ने अपने बयान में कहा है,''वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) लोगों को वायु प्रदूषण की स्थिति के बारे में आसान भाषा में जानकारी देने का एक माध्यम है. यह एक ऐसा पैमाना है, जो बताता है कि मौजूदा वायु गुणवत्ता का लोगों की सेहत पर कितना असर पड़ सकता है. किसी भी एक्यूआई श्रेणी में उस श्रेणी से जुड़ी स्वास्थ्य संबंधी चेतावनी, उस श्रेणी के भीतर दर्ज सटीक एक्यूआई आंकड़े से ज्यादा महत्वपूर्ण होती है.'' बोर्ड का कहना है कि एक्यूआई के आंकड़ों से ज्यादा महत्वपूर्ण यह है कि हवा को किस श्रेणी में रखा गया है और उसके साथ स्वास्थ्य को लेकर क्या सलाह दी गई है.

सीपीसीबी ने बताया कि सरकारी एक्यूआई में प्रदूषण के स्तर का आकलन करने के लिए पिछले 24 घंटों के औसत आंकड़ों का इस्तेमाल किया जाता है. यह तरीका वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित है. इससे पता चलता है कि लोग लंबे समय तक प्रदूषण के संपर्क में रहने से कितने प्रभावित हो सकते हैं. वहीं, निजी ऐप्स अक्सर कम कीमत वाले सेंसर के जरिए हर घंटे प्रदूषण के स्तर में होने वाले बदलाव को दर्ज करते हैं. इस वजह से प्रदूषण में थोड़े समय के लिए होने वाली तेज बढ़ोतरी भी इन ऐप्स पर दिखाई दे सकती है.

बोर्ड के मुताबिक, एनएक्यूआई में प्रदूषण के स्तर को छह श्रेणियों में बांटा गया है. ये हैं- 'अच्छा', 'संतोषजनक', 'मध्यम प्रदूषित', 'खराब', 'बहुत खराब' और 'गंभीर'. इसके लिए 0 से 500 तक का पैमाना तय किया गया है. सीपीसीबी ने कहा है कि 500 या इससे अधिक एक्यूआई होने पर सेहत को होने वाला खतरा लगभग एक जैसा होता है. इसलिए इसके लिए अलग-अलग श्रेणियां बनाने की जरूरत नहीं है.

दिल्ली में यमुना नदी के किनारे मंगलवार को छाई धुंध.

दिल्ली में यमुना नदी के किनारे मंगलवार को छाई धुंध.
Photo Credit: PTI

अगर AQI 500 से अधिक हो तो क्या होगा

बोर्ड का कहना है,''500 से ऊपर एक्यूआई होने पर भी उसे 'गंभीर' श्रेणी में ही रखा जाता है. इसके आगे आंकड़ा बढ़ाने से स्वास्थ्य पर पड़ने वाले असर की श्रेणी में कोई बदलाव नहीं होगा. इसलिए एक्यूआई को 500 तक सीमित रखा गया है.''

भारत का राष्ट्रीय वायु गुणवत्ता सूचकांक (एनएक्यूआई) 2015 में शुरू किया गया था. इसे बोर्ड ने आईआईटी कानपुर की मदद से तैयार किया था. यह अमेरिका की पर्यावरण संरक्षण एजेंसी (यूएस ईपीए) के एक्यूआई पैमाने सहित अंतरराष्ट्रीय मानकों के मुताबिक है. सीपीसीबी के मुताबिक इसे तैयार करने के लिए विशेषज्ञों के एक समूह की राय ली गई थी. इस समूह में चिकित्सा क्षेत्र के विशेषज्ञ, वायु प्रदूषण के जानकार, वैज्ञानिक, शिक्षाविद, गैर-सरकारी संगठन और राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्डों के प्रतिनिधि शामिल थे.इसे तैयार करते समय भारत की परिस्थितियों और यहां स्वास्थ्य पर प्रदूषण के प्रभावों को ध्यान में रखा गया. इसके साथ ही दुनिया के दूसरे देशों में इस्तेमाल होने वाले मानकों को भी ध्यान में रखा गया था. 

सीपीसीबी ने यह भी कहा है कि प्रदूषण में थोड़े समय के लिए तेज बढ़ोतरी होने पर निजी ऐप्स ज्यादा एक्यूआई दिखा सकते हैं और जब प्रदूषण का स्तर कम होने लगता है, तो ये ऐप्स कम आंकड़े दिखा सकते हैं. बोर्ड के मुताबिक, आमतौर पर लोगों को लगता है कि निजी ऐप्स हमेशा सरकारी आंकड़ों से ज्यादा एक्यूआई दिखाते हैं. यह बात कुछ हद तक सही भी हो सकती है, खासकर तब जब कुछ घंटों के लिए प्रदूषण का स्तर अचानक बढ़ जाता है. हालांकि, जब प्रदूषण का स्तर गिरता है, तो निजी ऐप्स पर एक्यूआई सरकारी एनएक्यूआई के मुकाबले कम दिखाई दे सकता है. इसकी वजह यह है कि सरकारी एनएक्यूआई पिछले 24 घंटों के प्रदूषण के औसत को ध्यान में रखता है.

सीपीसीबी ने यह सफाई ऐसे समय दी है, जब सोशल मीडिया पर लोगों ने निजी एयर क्वालिटी ऐप्स के स्क्रीनशॉट साझा किए. इनमें दिवाली की रात दिल्ली का एक्यूआई 1,500 से 1,800 के बीच दिखाया गया था, जबकि सीपीसीबी के आधिकारिक आंकड़ों में यह 400 से नीचे बना हुआ था.

ये भी पढ़ें: मदर डेयरी का दूध ₹2 से ₹4 प्रति लीटर तक महंगा, टोंड से लेकर फुल क्रीम तक, देखें नई कीमतों की पूरी लिस्ट

Share this story on

Latest Stories

................................ Advertisement ................................

Latest Videos

Opinion