Fighting Our Killer Air - A Citizens' Charter
  • Home/
  • 'गैस चैंबर' बनी दिल्ली के लिए बारिश ही सहारा, पर IMD ने दे दी बैड न्यूज, कहा - क्लाइड सीडिंग भी नहीं आएगा काम

'गैस चैंबर' बनी दिल्ली के लिए बारिश ही सहारा, पर IMD ने दे दी बैड न्यूज, कहा - क्लाइड सीडिंग भी नहीं आएगा काम

'गैस चैंबर' बनी दिल्ली के लिए बारिश ही सहारा, पर IMD ने दे दी बैड न्यूज, कहा - क्लाइड सीडिंग भी नहीं आएगा काम
फाइल फोटो

दिल्ली-एनसीआर इन दिनों 'गैस चैंबर' बनी हुई है. प्रदूषण का स्तर इतना बढ़ चुका है कि बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. प्रदूषण के बढ़े स्तर को देखते हुए तमाम स्कूलों ने अपने 5वीं कक्षा तक की पढ़ाई हाईब्रिड मोड में डाल दिया है. ऐसे में अब उत्तरी भारत के करीब एक अरब लोग इन दिनों आसमान की तरफ देख रहे हैं और दुआ कर रहे हैं कि कहीं बारिश हो जाए, ताकि उन्हें जहरीले धुंध और प्रदूषण से कुछ राहत मिल सके. लेकिन भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) का कहना है कि मैदानों में बारिश की उम्मीद बहुत कम है. मौसम विभाग के मुताबिक, हिमालयी इलाकों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है, लेकिन दिल्ली और आसपास के इलाकों के प्रदूषण में इससे कोई खास राहत मिलने की संभावना नहीं है. मौसम विभाग के महानिदेशक डॉ. मृत्युंजय महापात्रा ने NDTV से बातचीत में यह जानकारी दी.

देश के उत्तर-पश्चिमी हिस्से की ओर एक नया पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) बढ़ रहा है. यह भूमध्यसागर के इलाके से आने वाला नमी से भरा मौसम तंत्र होता है. इसके आने से बारिश की उम्मीद जगी थी, लेकिन डॉ. महापात्राा का कहना है कि यह सिस्टम इतनी व्यापक बारिश नहीं लाएगा कि पूरे इंडो-गंगा के मैदानी इलाकों, खासकर दिल्ली और आसपास के क्षेत्र में छाए प्रदूषण को धो सके.

मौजूदा अनुमान के मुताबिक यह पश्चिमी विक्षोभ मुख्य रूप से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी लेकर आएगा. पंजाब के कुछ उत्तरी हिस्सों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन प्रदूषण से सबसे ज्यादा प्रभावित मैदानी इलाकों में अच्छी बारिश के आसार नहीं हैं.

प्रदूषण को फैलाने में मदद वाला मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में वही मौसम बना रह सकता है जो प्रदूषण को बढ़ने में मदद करता है. यानी हवा की रफ्तार कम रहेगी और प्रदूषक वातावरण में फंसे रहेंगे.

डॉ. महापात्राा ने कहा, "जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अच्छी बारिश की संभावना है. पंजाब के कुछ पश्चिमी और उत्तरी हिस्सों में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है. लेकिन दिल्ली और उसके दक्षिण के इलाकों में बारिश की उम्मीद नहीं है."

IMD को नहीं है ज्यादा उम्मीद

यह अनुमान ऐसे समय आया है जब उत्तर भारत के कई शहरों की हवा ‘बहुत खराब' और ‘गंभीर' श्रेणी में बनी हुई है. पिछले कुछ दिनों से शांत हवाओं, गिरते तापमान और मौसम की खास परिस्थितियों के कारण प्रदूषण जमीन के पास ही जमा हो रहा है. ऐसे में लोगों को उम्मीद थी कि बारिश होकर हवा को साफ कर सकती है.

लेकिन IMD प्रमुख ने इस बारे में ज्यादा उम्मीद नहीं जताई.

उन्होंने कहा, "हमें ऐसा कोई पश्चिमी विक्षोभ नजर नहीं आ रहा है जिससे दिल्ली में अच्छी या तेज बारिश हो सके."

उन्होंने यह भी कहा कि कई बार पश्चिमी विक्षोभ के साथ बादल तो आते हैं, लेकिन अगर बारिश न हो या बहुत कम हो, तो प्रदूषण कम होने के बजाय और बढ़ सकता है.

डॉ. महापात्रा ने कहा, "हमने देखा है कि जब पश्चिमी विक्षोभ आता है और बारिश नहीं होती या बहुत हल्की होती है, तो यह प्रदूषण बढ़ाने वाली स्थितियां बना देता है."

बादल तो छाए रहेंगे लेकिन बारिश होगी या नहीं?

मौसम विभाग के अनुसार 12 और 13 नवंबर को दिल्ली में बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन इतनी बारिश होने की संभावना नहीं है कि हवा में मौजूद प्रदूषण के कणों को काफी हद तक कम किया जा सके. पश्चिमी विक्षोभ के करीब आने से नमी जरूर बढ़ेगी, लेकिन दिल्ली-एनसीआर में अच्छी बारिश के लिए जरूरी परिस्थितियां नहीं बन रही हैं.

उन्होंने कहा, "पश्चिमी विक्षोभ के आने पर नमी बढ़ेगी, लेकिन बारिश होने की संभावना नहीं है. मैं दिल्ली और आसपास के इलाकों की बात कर रहा हूं."

मौसम विभाग का यह आकलन दिल्ली में कृत्रिम बारिश यानी क्लाउड सीडिंग की योजना के लिए भी अहम माना जा रहा है. IIT कानपुर और दिल्ली सरकार समय-समय पर क्लाउड सीडिंग के जरिए बारिश कराने की संभावना पर विचार करते रहे हैं, ताकि गंभीर प्रदूषण के दौरान कुछ राहत मिल सके.

क्लाउड सीडिंग को लेकर वो उत्साह क्यों नहीं है?

पश्चिमी विक्षोभ के आने से एक बार फिर यह उम्मीद जगी थी कि मौजूद बादलों का इस्तेमाल कर कृत्रिम बारिश कराई जा सकती है. लेकिन डॉ. महापात्रा का कहना है कि मौजूदा मौसम में शायद वैसे बादल ही मौजूद नहीं हैं, जिनसे क्लाउड सीडिंग का अच्छा नतीजा मिल सके.

उन्होंने कहा, "बादल तो रहेंगे, आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा."

लेकिन उन्होंने समझाया कि जो बादल बनने की उम्मीद है, वे ज्यादातर मध्यम ऊंचाई और ऊंची परत वाले बादल होंगे. ये वे बादल नहीं हैं जिन्हें संवहनीय (Convective) बादल कहा जाता है और जो क्लाउड सीडिंग के लिए ज्यादा मुफीद माने जाते हैं.

डॉ. महापात्रा ने कहा, "मुख्य रूप से मध्यम और ऊंचाई वाले बादल होंगे. ये संवहनीय बादल नहीं हैं. इसलिए क्लाउड सीडिंग से मिलने वाला नतीजा भी कम रहेगा."

जब उनसे पूछा गया कि क्या क्लाउड सीडिंग के लिए संवहनीय बादल ज्यादा बेहतर होते हैं, तो उन्होंने साफ कहा, "हां, वे कहीं ज्यादा बेहतर होते हैं."

यह आकलन इसलिए अहम है क्योंकि क्लाउड सीडिंग की कामयाबी काफी हद तक बादलों की बनावट, उनमें मौजूद नमी और उस समय के मौसम पर निर्भर करती है. अगर सही तरह के बादल न हों, तो पूरी तैयारी के बावजूद कृत्रिम बारिश से बहुत कम फायदा मिल सकता है.

इसी बीच मौसम वैज्ञानिक बंगाल की खाड़ी में बन रहे एक दूसरे मौसम तंत्र पर भी नजर रखे हुए हैं. 

IMD के मुताबिक 15 या 16 नवंबर के आसपास वहां एक गहरा दबाव यानी डीप डिप्रेशन बनने की संभावना है, जो आगे चलकर चक्रवाती तूफान का रूप भी ले सकता है.

क्या हैं दो अनुमान?

फिलहाल यह साफ नहीं है कि यह सिस्टम किस दिशा में जाएगा. हालांकि एक संभावना ऐसी भी है, जिससे प्रदूषण प्रभावित इलाकों को कुछ राहत मिल सकती है.

डॉ. महापात्रा ने कहा, “अभी दो तरह के अनुमान हैं. एक यह कि यह आंध्र प्रदेश की तरफ जा सकता है. दूसरा यह कि कई मौसम मॉडल इसे बांग्लादेश की ओर जाते हुए दिखा रहे हैं.”

अगर यह सिस्टम और मजबूत होकर बांग्लादेश की तरफ बढ़ता है, तो यह उत्तर-पश्चिम भारत और इंडो-गंगा के मैदानों में उत्तर-पश्चिमी हवाओं को मजबूत कर सकता है. तेज हवाएं प्रदूषण को फैलाने और उसे जमीन के पास जमा होने से रोकने में मदद करती हैं.

उन्होंने कहा, "अगर यह मजबूत होकर बांग्लादेश की ओर जाता है, तो यह पूर्वी भारत की तरफ उत्तर-पश्चिमी हवाओं को खींचेगा."

जब उनसे पूछा गया कि क्या इससे प्रदूषण कम हो सकता है, तो उन्होंने जवाब दिया, "हां, क्योंकि हवा की रफ्तार बढ़ सकती है."

हालांकि उन्होंने यह भी साफ किया कि यह अभी सिर्फ एक संभावना है. आने वाले दिनों में बंगाल की खाड़ी का सिस्टम किस दिशा में जाता है, उसी पर सब कुछ निर्भर करेगा.

फिलहाल IMD का अनुमान है कि उत्तर भारत में हवाएं शांत या बेहद हल्की रहेंगी, जो प्रदूषण को हटाने के लिए अनुकूल स्थिति नहीं मानी जाती.

डॉ. महापात्रा ने कहा, "हवा की रफ्तार बहुत कम रहेगी या लगभग शांत रहेगी. इसलिए हवाएं प्रदूषकों को फैलाने और हटाने में मदद नहीं करेंगी."

दिल्ली के लिए इंतजार अभी लंबा

यानी हिमालयी राज्यों में इस पश्चिमी विक्षोभ की वजह से बारिश और बर्फबारी देखने को मिल सकती है, लेकिन दिल्ली और इंडो-गंगा के बड़े हिस्से में रहने वाले लोगों को फिलहाल मौसम से राहत मिलने का इंतजार और लंबा हो सकता है.

कम बारिश, धीमी हवाएं और लगातार बना हुआ प्रदूषण, इन तीनों वजहों से साफ हवा की वह राहत, जिसका लोग बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, अभी दूर नजर आ रही है. दिल्ली में कृत्रिम बारिश कराने का तजुर्बा भी मौजूदा मौसम में उम्मीद के मुताबिक नतीजे शायद न दे सके.

यह भी पढ़ें: डॉ. कलाम ने छिपाए थे परमाणु परीक्षण, अब पराली जलाने वाले किसान दे रहे सैटेलाइट को चकमा!

Share this story on

Latest Stories

................................ Advertisement ................................

Latest Videos

Opinion